ओलंपियन नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक प्रदान की गई ; धोनी , कपिल देव और अभिनव बिंद्रा जैसे दिग्गज भी इसमें शामिल है


भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर और दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक प्रदान की गई है। यह नियुक्ति 16 अप्रैल 2025 से प्रभावी हुई, जैसा कि द गजट ऑफ इंडिया में 9 मई 2025 को प्रकाशित अधिसूचना में उल्लेख किया गया है।

नीरज चोपड़ा को टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक टेरिटोरियल आर्मी नियम, 1948 के पैरा-31 के तहत प्रदान की गई है। अधिसूचना के अनुसार, यह सम्मान उनके खेल में उत्कृष्ट उपलब्धियों और राष्ट्रीय गौरव बढ़ाने के योगदान के लिए दिया गया है।

नीरज को 26 अगस्त 2016 को नायब सूबेदार के रूप में भारतीय सेना में शामिल किया गया था और उनकी मूल इकाई 4 राजपूताना राइफल्स थी। 2021 में टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद उन्हें सूबेदार के पद पर पदोन्नति दी गई।

2022 में उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल (PVSM) और पद्म श्री से सम्मानित किया गया, और उसी वर्ष उन्हें सूबेदार मेजर बनाया गया।

नीरज से पहले महेंद्र सिंह धोनी (2011), कपिल देव, और अभिनव बिंद्रा (2011) जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को भी टेरिटोरियल आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल की मानद रैंक दी जा चुकी है।

यह सम्मान नीरज की खेल उपलब्धियों, जैसे 2020 टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण, 2024 पेरिस ओलंपिक में रजत, और 2023 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण को मान्यता देता है।